रायपुर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ प्रेम अब उनके बंगले में भी झलक रहा है। नड्डा ने अपने बंगले में छत्तीसगढ़ी पेंटिंग को विशेष जगह दी है। बस्तर की संस्कृति की पहचान घोटुल और आंगाछत्र की पेंटिंग को नड्डा ने अपने सरकारी आवास में बनवाया है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बस्तर के कलाकारों को आमंत्रित किया गया था।

छत्तीसगढ़ी पेंटिंग जेपी नड्डा की पत्नी मलिका नड्डा की निगरानी में बनाई गई है। नड्डा करीब पांच साल छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश प्रभारी रहे हैं, इसलिए उनका इस कला के प्रति एक विशेष प्रेम नजर आता है। नड्डा के आवास में पेंटिंग बनाने वाली लतिका वैष्णव ने बताया कि जेपी नड्डा ने बस्तर आर्ट को गढ़ कलेवा में देखा था। उन्होंने संस्कृति विभाग के अधिकारियों से पेंटिंग के लिए संपर्क किया। उनके आवास के मुख्य द्वार पर बस्तर की घोटुल परंपरा को चित्र के रूप में उकेरा गया है। बस्तर में आदिवासी समाज की विशिष्ट परंपरा के रूप में घोटुल है।

आवास की छह दीवार पर पेंटिंग बनाई गई है। सूर्यवंशी होने के कारण नड्डा ने सूर्य भगवान के साथ स्थानीय नृत्य को प्रदर्शित करती पेंटिंग को प्रमुखता से बनवाया है। इसके साथ ही आंगाछत्र, तोड़ी के साथ पेंटिंग भी बनवाई है। आंगाछत्र में देवी माता के रूप को छत्र के साथ प्रदर्शित किया गया है। बस्तर में आंगादेव की परंपरा है। पेंटिंग में तराश, तोड़ी और नृत्य को सुंदरता से प्रदर्शित किया गया है। छह दीवार पर पेंटिंग में कलाकारों को चार दिन का समय लगा। लतिका वैष्णव ने बताया कि नड्डा की पत्नी मलिका को भी संस्कृति और कला में रुचि है। बस्तर के कलाकार जब पेंटिंग बना रहे थे, उस दौरान वह खुद भी जुटी रहीं। कई पेंटिंग में उन्होंने रंग भरने का भी काम किया।

Source : Agency